नैनीताल। मां नंदा देवी महोत्सव में गुरुवार को श्री राम सेवक सभा का दल मंगोली गांव से कदली वृक्ष लेकर नैनीताल पहुंचा। सूखाताल में श्रद्धालुओं ने कदली वृक्ष का स्वागत किया। इसके बाद कदली वृक्ष को तल्लीताल स्थित मां वैष्णो देवी मंदिर ले जाया गया, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
पूजा-अर्चना के बाद छोलिया नृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ कदली वृक्ष का नगर भ्रमण कराया गया। नगर भ्रमण के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद कदली वृक्ष को मां नयना देवी मंदिर पहुंचाया गया, जहां मंदिर परिसर में उसका स्वागत और पूजन किया गया। अब कदली वृक्ष से मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। अष्टमी के दिन मां की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
स्कूलों की झांकियों ने बढ़ाई शोभा:
नगर भ्रमण में रामा मोंटेसरी, सेंट जोन्स, भारतीय शहीद सैनिक स्कूल, नैनी पब्लिक स्कूल, मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर, एशडेल स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने झांकियां प्रस्तुत कीं। महिलाओं ने पारंपरिक झोड़ा नृत्य की प्रस्तुति दी। पारंपरिक परिधानों में शामिल महिलाओं और बच्चों ने नगर भ्रमण में पर्व की सांस्कृतिक छटा बिखेरी।
कदली वृक्ष का विशेष धार्मिक महत्व:
श्री राम सेवक सभा के सदस्य प्रो. ललित तिवारी ने बताया कि मां नंदा-सुनंदा की मूर्ति निर्माण के लिए मंगोली गांव से कदली वृक्ष लाने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार कदली वृक्ष में भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी का वास माना जाता है। नंदा देवी महोत्सव में मूर्ति निर्माण के लिए कदली वृक्ष का विशेष महत्व है।
उन्होंने बताया कि कदली वृक्ष को वैष्णो देवी मंदिर में विशेष पूजा के बाद नगर भ्रमण कराया जाता है। यह परंपरा बेटी के मायके आने की परंपरा से भी जुड़ी मानी जाती है। इसके बाद कदली वृक्ष से मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों का निर्माण किया जाता है। अष्टमी के दिन ब्रह्ममुहूर्त में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाती है।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा, सीओ अंजना नेगी, सीओ रविकांत सेमवाल, मल्लीताल कोतवाल राजेंद्र रावत, नगरपालिका ईओ रोहिताश शर्मा, श्री राम सेवक सभा अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश चंद्र बवाड़ी, मनोज जोशी, आनंद बिष्ट, मोहित साह, अजय बिष्ट, भुवन बिष्ट, डीएल साह, गिरीश जोशी, कैलाश जोशी, भीम सिंह कार्की, आलोक चौधरी, सभासद जीनू पांडे, भगवत रावत, अंकित चंद्रा, सुरेंद्र कुमार, घनश्याम लाल साह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
कदली वृक्ष लेकर नैनीताल पहुंचा दल, वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद हुआ नगर भ्रमण।