
हल्द्वानी।
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव, मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनता की विभिन्न समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए। भूमि विवाद, धोखाधड़ी से धनराशि हड़पने, अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, पेयजल, यातायात जाम सहित कई गंभीर मामलों की सुनवाई की गई।
हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं आयुक्त ने विभिन्न प्रकरणों पर सुनवाई कर कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
फर्जी कंपनियों के जरिए भूमि खरीद का मामला, जांच के आदेश
पुरानी फर्म के आधार पर कई कंपनियां पंजीकृत कर भू-कानून का उल्लंघन करते हुए फर्जी तरीके से भूमि क्रय करने तथा भूमि दस्तावेजों के आधार पर स्थायी निवास प्रमाण पत्र बनवाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कृत्य किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज बस अड्डे और कालूसिद्ध मंदिर क्षेत्र में जाम पर सख्ती
हल्द्वानी रोडवेज बस अड्डा व कालूसिद्ध मंदिर के आसपास बसों और ठेला-रेहड़ी के कारण लगने वाले जाम की शिकायत पर आयुक्त ने पुलिस विभाग को नियमित चेकिंग कर मुख्य मार्ग पर बसों से यात्रियों को बैठाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मार्ग बाधित करने वाले ठेला-रेहड़ी हटाने को कहा।
घटिया निर्माण सामग्री पर जांच
रामनगर मालधचौड़ क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत पर अधिशासी अभियंता को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
धन लेनदेन के मामलों में राहत
भूमि क्रय और धनराशि लेनदेन से जुड़े मामलों में शिकायतकर्ताओं को उनकी राशि लौटाई गई तथा संबंधित व्यक्तियों ने चेक उपलब्ध कराए, जिस पर लोगों ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय समस्याओं पर विभागों को निर्देश
बनभूलपुरा क्षेत्र के इन्द्रानगर, किदवई नगर, उजाला नगर आदि क्षेत्रों में नालियों पर जाली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल व विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए।
गांधीनगर में पैदल मार्ग और ड्रेनेज व्यवस्था तथा काठगोदाम क्षेत्र में भूमि विवाद और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर राजस्व विभाग को मौके पर सीमांकन कर कार्रवाई करने को कहा गया।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर आयुक्त ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।