नैनीताल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सरल जीवन के सिद्धांत आज भी समाज और विश्व को मार्गदर्शन देते हैं। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देश के विकास और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देता है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कार्यों को जिम्मेदारी और बेहतर कार्यशैली के साथ करने का आह्वान किया। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि आज की पीढ़ी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की ऋणी है।
इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने तल्लीताल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर, भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत, शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमा तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों के स्मृति स्थल पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत उन्होंने मल्लीताल स्थित खादी भवन में चरखा चलाकर खादी एवं ग्रामोद्योग की परंपरा से जुड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलिक, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, तहसीलदार अक्षय भट्ट, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा, दयाकिशन पोखरिया, नितिन कार्की सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।