
-13 अक्टूबर को मल्लीताल में धूमधाम से निकलेगी राम बारात
नैनीताल। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को नैनीताल में श्री रामलीला महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पहले दिन कलाकारों की ओर से नारद मोह, रावण वर प्राप्ति, रावण कर याचना, पुत्रेष्टि यज्ञ, श्री राम जन्म, सीता जन्म, विश्वामित्र द्वारा राम लक्ष्मण याचना, ताड़िका वध, विश्वामित्र को जनकपुरी निमंत्रण, अहिल्या उद्धार का मंचन किया गया।
श्री राम सेवक सभा की ओर से आयोजित महोत्सव 11 से 20 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
महोत्सव के तहत मल्लीताल स्थित श्री राम सेवक सभा के साथ ही तल्लीताल, सूखाताल, खुरपाताल और शेर का डांडा में भी रामलीला का मंचन होगा। कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत कर लोगों को उनके आदर्शों और मर्यादा का संदेश देंगे।
महोत्सव के तहत 13 अक्टूबर को मल्लीताल में भव्य राम बारात निकाली जाएगी वहीं दशहरा के अवसर पर डीएसए मैदान में भव्य आयोजन होगा। यहां रावण दहन सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा।