डिजिटल सर्कुलर इकोनॉमी में मानव संसाधन प्रबंधन पर किया शोध, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग की शोधार्थी डॉ. रूबी सिंह ने डी.लिट. की अंतिम मौखिक परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी की। ऑनलाइन माध्यम से आयोजित परीक्षा में दून विश्वविद्यालय के प्रो. एचसी पुरोहित और आगरा के दयालबाग से प्रो. सुमिता श्रीवास्तव विशेषज्ञ के रूप में शामिल हुए। विभागाध्यक्ष प्रो. एलके सिंह ने परीक्षा संपन्न कराई।
डॉ. रूबी सिंह ने‘ए फ्रेमवर्क ऑफ ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट फॉर डिजिटल सर्कुलर इकोनॉमी’ विषय पर डी.लिट. के लिए शोध कार्य किया। इस शोध में विभाग के डीन प्रो. अमित जोशी ने उनके मेंटर की भूमिका निभाई।
डॉ. रूबी सिंह को वर्ष 2025-26 के लिए स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की ओर से जारी शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान मिला है। उनके स्कोपस एच-इंडेक्स 24 और 1470 साइटेशन हैं। वहीं, गूगल स्कॉलर पर उनका एच-इंडेक्स 31 और साइटेशन की संख्या 2900 बताई गई है।
डॉ. रूबी सिंह अब तक स्प्रिंगर नेचर, एमराल्ड, विलेया और टेलर एंड फ्रांसिस जैसे प्रकाशकों के माध्यम से 40 पुस्तकें प्रकाशित कर चुकी हैं। उनके 127 शोधपत्र क्यू-1 और क्यू-2 श्रेणी की पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा वह तुर्की और वियतनाम की अकादमिक यात्राएं भी कर चुकी हैं।
डॉ. रूबी सिंह की इस उपलब्धि पर कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी सहित कूटा परिवार और एलुमनी सेल के अध्यक्ष डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. जीसी जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना, डॉ. निशा और डॉ. भावना ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।